जलालपुर, अम्बेडकरनगर। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को नगर स्थित विद्युत केंद्र पर प्रदर्शन के बाद शनिवार को आक्रोशित महिला उपभोक्ताएं तहसील परिसर पहुंच गईं, जहां उन्होंने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उनके बिजली बिल कई गुना बढ़ गए हैं। इससे घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है और आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
महिलाओं का आरोप था कि पहले जहां सीमित बिल आता था, वहीं अब बिना ज्यादा खपत के भी भारी भरकम बिल थमाया जा रहा है। उन्होंने विभाग से तत्काल जांच कर बिलों में सुधार की मांग की।
हालांकि, प्रदर्शन के दौरान कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे नाराज महिलाएं बिना समाधान के ही वापस लौट गईं। इस पर उन्होंने और अधिक आक्रोश जताया।
महिला उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक बढ़े हुए बिजली बिलों में सुधार नहीं किया जाएगा, उनका विरोध जारी रहेगा।