◆ कॉमन धान का 2441 और ग्रेड-ए का 2461 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा समर्थन मूल्य
अम्बेडकर नगर। जिले में धान बेचने की तैयारी कर रहे किसानों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। खरीफ विपणन वर्ष के तहत जिले में दो नवंबर से धान खरीद शुरू होगी। इसके लिए पांच क्रय एजेंसियों के माध्यम से कुल 115 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। रविवार को अवकाश होने के कारण एक नवंबर के बजाय सोमवार से खरीद प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
शासन ने कॉमन धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये और ग्रेड-ए धान का 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। इसके अलावा सफाई और उतराई के लिए किसानों को 20 रुपये प्रति क्विंटल की अतिरिक्त धनराशि भी दी जाएगी। इस वर्ष जिले में 1.61 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि सभी क्रय केंद्रों पर आवश्यक उपकरणों और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है। संबंधित अधिकारियों और क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार केंद्रों का संचालन किया जाए। किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे।
शिकायत के लिए कंट्रोल रूम
धान खरीद से जुड़ी किसी भी समस्या, शिकायत या जानकारी के लिए किसान जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7839565051 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा शासन के टोल फ्री नंबर 18001800150 पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। किसान खाद्य विभाग के धान क्रय केंद्रों से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।