Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या कचहरी के आस-पास राम पथ पर नहीं खड़े होंगे वाहन

कचहरी के आस-पास राम पथ पर नहीं खड़े होंगे वाहन

0

अयोध्या। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस द्वारा मल्टीलेवल पार्किंग के निरीक्षण और न्याय पथ के लोकार्पण के बाद कचहरी के आस-पास राम पथ को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर राम पथ को खाली कराया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने भी सहयोग करते हुए स्वेच्छा से अपने वाहन हटाए।

राम पथ के लगभग 700 मीटर हिस्से में लंबे समय से अधिवक्ताओं और वादकारियों की मोटरसाइकिलें व कारें खड़ी रहती थीं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी। इसके कारण आम नागरिकों, श्रद्धालुओं और अस्पताल जाने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पैदल चलने वालों के लिए भी मार्ग बाधित हो जाता था।

गौरतलब है कि एक दिन पूर्व हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस ने अधिवक्ता द्वार और न्याय पथ का लोकार्पण किया था तथा मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए थे कि राम पथ पर किसी भी प्रकार से वाहन खड़े न किए जाएं। निर्देश के अनुपालन में अब अधिवक्ताओं और वादकारियों के वाहन मल्टीलेवल पार्किंग में ही खड़े कराए जा रहे हैं।

सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के निर्देश के उपरान्त बार पदाधिकारियों से वार्ता करके रामपथ से वाहनों को हटवाया गया। राम पथ को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए आगे भी नियमित निगरानी और अभियान जारी रहेगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम जनता को राहत मिल सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version