Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या यात्री सुविधा दिवस पर एयरपोर्ट पर विविध कार्यक्रमों का होगा आयोजन

यात्री सुविधा दिवस पर एयरपोर्ट पर विविध कार्यक्रमों का होगा आयोजन

0

अयोध्या। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्या धाम पर 15 जून को आयोजित होने वाले “यात्री सुविधा दिवस” के संबंध में शनिवार को एयरपोर्ट निदेशक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। हवाई अड्डों की संख्या, हवाई संपर्क, यात्री सुविधाओं तथा तकनीकी नवाचारों में तेजी से वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि अयोध्या एयरपोर्ट ने भी अपने दो वर्षों के संचालन काल में यात्री सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, परिचालन उत्कृष्टता और ग्राहक संतुष्टि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने बताया कि 15 जून को आयोजित होने वाला यात्री सुविधा दिवस यात्रियों, एयरपोर्ट कर्मचारियों और अन्य हितधारकों को समर्पित रहेगा। इस अवसर पर यात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा तथा यात्रियों, सीआईएसएफ, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और एयरलाइन कर्मचारियों द्वारा वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, लोकनृत्य प्रस्तुति, सेल्फी प्वाइंट, पेंटिंग, क्विज एवं ड्रॉइंग प्रतियोगिताएं, विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र तथा प्लास्टिक मुक्त वातावरण एवं एयरपोर्ट सुरक्षा विषयक नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा हाउसकीपिंग स्टाफ, महिला कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और अन्य सहयोगी कर्मियों को उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। यात्रियों को निःशुल्क पौधों का वितरण भी किया जाएगा।

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य यात्री अनुभव को बेहतर बनाना, जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा नागरिक उड्डयन क्षेत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। मीडिया प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को लेकर अपने सुझाव साझा किए और यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के प्रयासों की सराहना की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version