◆ अभियान के तहत रविवार को लगेगी चौपाल जनप्रतिनिधि व अधिकारी सुनेंगे जनसमस्या
अयोध्या। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “विश्वास, विकास एवं जनकल्याण” अभियान के तहत महानगर क्षेत्र में प्रबुद्ध वर्ग संपर्क अभियान को गति दी जा रही है। शनिवार को पूर्व सांसद लल्लू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध नागरिकों से संपर्क कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी।
अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधि एवं पूर्व जनप्रतिनिधि 50-50 तथा पार्टी पदाधिकारी 10-10 प्रबुद्ध जनों से संपर्क करेंगे। महानगर क्षेत्र में कुल 500 प्रबुद्ध नागरिकों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने संत-महंतों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं और चिकित्सकों से संवाद कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर चर्चा की।
पूर्व सांसद ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है और इसी विश्वास के साथ भाजपा जनता के बीच संवाद स्थापित कर रही है। विधायक वेदप्रकाशगुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेशश्रीवास्तव ने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग समाज को दिशा देने वाला वर्ग है। उनके सुझाव और सहभागिता से सरकार की नीतियां और अधिक प्रभावी बनती हैं।
मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र ने बताया कि अभियान के तहत रविवार को पूरा बाजार के रसूलाबाद में विधायक की अध्यक्षता में जनचौपाल सायं 5 बजे होगा। बाल्दा में महापौर की मौजूदगी में जनसंवाद कार्यक्रम शाम 4 बजे से आयोजित किया गया है। चौपालों में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी आमजन की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का करेंगे।
अभियान के तहत पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य वासुदेव मौर्या, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेन्द्र प्रताप सिंह टिल्लू, भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र ने महानगर के विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध जनों से सम्पर्क किया।