जलालपुर, अंबेडकर नगर। नरेंद्र देव इंटर कॉलेज मैदान में अभिनव क्लब के तत्वावधान में चल रही अंतरराज्यीय महिला हॉकी प्रतियोगिता का समापन रविवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। फाइनल मैच में उत्तर प्रदेश पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अभिनव क्लब को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे दिन मैदान में खेल भावना और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रितेश पांडे, भारतीय महिला हॉकी टीम की ओलम्पियन खिलाड़ी गुरजीत कौर और रेलवे कोच नीलम कुशवाहा रहीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान क्लब अध्यक्ष दीपक त्रिपाठी, संयोजक देवेश मिश्र, कोषाध्यक्ष आनंद जायसवाल, सुमित्रा त्रिपाठी और मीडिया प्रभारी विकास निषाद भी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में अभिनव क्लब ने अयोध्या हॉस्टल को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश पुलिस ने कड़े मुकाबले में एनईआर (NER) को 2-1 से मात देकर फाइनल का टिकट कटाया।
तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में अयोध्या हॉस्टल ने एनईआर को 2-0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। इसके बाद खेले गए फाइनल मैच में उत्तर प्रदेश पुलिस और अभिनव क्लब के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसमें यूपी पुलिस ने बाजी मारते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष साधु वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष मिथिलेश त्रिपाठी, विहिप जिलाध्यक्ष ह्रदयमणि मिश्र सहित अन्य अतिथियों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के अंत में अध्यक्ष दीपक त्रिपाठी ने बताया कि विजेता टीम उत्तर प्रदेश पुलिस को 51 हजार रुपये, उपविजेता अभिनव क्लब को 31 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रही अयोध्या हॉस्टल को 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
मैच की कमेंट्री कुलवीर सिंह ने की, जबकि संचालन आशुतोष सिंह और पंकज वर्मा ने किया। आयोजन में कई जिलों से आए खिलाड़ियों और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही।