अम्बेडकर नगर। टांडा कोतवाली पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी अरविन्द वर्मा को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे गोमती नगर विस्तार स्थित पार्क व्यू अपार्टमेंट के आवास से सोमवार रात गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ टांडा कोतवाली में धोखाधड़ी, जालसाजी, धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
टांडा कोतवाली क्षेत्र के जमालापुर निवासी अरविन्द वर्मा के खिलाफ वर्ष 2015 में मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले में विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट के न्यायालय से वारंट जारी होने के साथ ही धारा 83 के तहत कार्रवाई की गई थी। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के लिए उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।