Wednesday, July 22, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरएक ही रात में पांच घरों में चोरी से दहशत, लाखों के...

एक ही रात में पांच घरों में चोरी से दहशत, लाखों के जेवरात-नकदी पार


आलापुर, अंबेडकर नगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के असनारा गांव में बीती रात चोरों ने ताबड़तोड़ वारदात को अंजाम देते हुए एक ही रात में पांच घरों को निशाना बना डाला। नकदी समेत लाखों रुपये के जेवरात पार होने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लगातार हुई वारदातों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्राम असनारा निवासी सुनील यादव पुत्र बखेड़ू के घर चोरों ने पीछे लगे जंगले की ग्रिल उखाड़कर प्रवेश किया। घर के अंदर रखी आलमारी और बक्सों को तोड़कर 3500 रुपये नकद समेत पायल, मीना, माला, नथुनी, कील आदि जेवरात चोरी कर लिए।

इसी तरह दलित बस्ती में रामप्रसाद पुत्र मोहन के घर चोर पीछे से जीने के रास्ते दाखिल हुए और इत्मीनान से घर की अलमारियों व लाकर को तोड़कर नकदी व लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।

चोरों ने यहीं नहीं रुके, बल्कि सुरेंद्र पुत्र रामलखन, हरीराम पुत्र मक्खन और राजेंद्र पुत्र रामलखन के घरों में भी घुसकर बक्से और अलमारियां तोड़ डालीं तथा सामान को तितर-बितर कर दिया। सुबह जब परिजन खेतों से लौटे तो घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए।

बताया जा रहा है कि घटना वाली रात सभी पीड़ित गेहूं की कटाई के लिए अपने-अपने खेतों में थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने पूरे गांव में वारदात को अंजाम दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

इस संबंध में थानाध्यक्ष अक्षय कुमार पटेल ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है, मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

फिलहाल, एक ही रात में पांच घरों में चोरी की इस घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। लोग रात में जागकर पहरा देने को मजबूर हैं, जबकि पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल लगातार उठ रहे है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments