Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या 93.75 करोड़ की लागत से बन रहा अति विशिष्ट अतिथि गृह

93.75 करोड़ की लागत से बन रहा अति विशिष्ट अतिथि गृह

0

अयोध्या। रामकथा पार्क के निकट निर्माणाधीन अति विशिष्ट अतिथि गृह का कार्य तेजी से प्रगति पर है। लगभग 93.75 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे इस परिसर का निर्माण कार्य नवंबर 2027 तक पूरा होने की संभावना है। परियोजना पूरी होने के बाद यहां उच्च पदस्थ अधिकारियों, विशिष्ट अतिथियों एवं अन्य आगंतुकों के ठहरने की आधुनिक व्यवस्था उपलब्ध होगी।

करीब 14,510 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित हो रहे इस परिसर में मुख्यमंत्री ब्लॉक, आवासीय ब्लॉक, डार्मेट्री ब्लॉक और सर्विस ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही गार्ड रूम, टाइम ऑफिस, पास ऑफिस, विद्युत उपकेंद्र, पार्किंग, सेंट्रल लॉन, वॉटर फाउंटेन, जलापूर्ति एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

लोक निर्माण विभाग सीडी-2 के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र ने बताया कि मुख्यमंत्री ब्लॉक में चौथी मंजिल पर प्लास्टर तथा तीसरी और चौथी मंजिल पर एमईपी एवं लिफ्ट से संबंधित कार्य चल रहा है। वहीं आवासीय ब्लॉक में बेसमेंट स्लैब का कार्य पूरा हो चुका है। डार्मेट्री ब्लॉक में पेंटिंग और बाहरी प्लास्टर का कार्य प्रगति पर है।

अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ परियोजना को पूरा किया जा सके। हाल ही में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने भी निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया था तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे।

परियोजना पूर्ण होने के बाद अयोध्या में विशिष्ट अतिथियों के ठहरने की क्षमता में वृद्धि होने की उम्मीद है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version