जलालपुर अम्बेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से दो युवतियों के लापता होने के मामले सामने आए हैं। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दोनों मामलों में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर युवतियों की तलाश शुरू कर दी है।
पहले मामले में एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी करीब 28 वर्षीय बहन को पुनीत मिश्रा पुत्र राजेश्वर मिश्रा निवासी जिगनी (जिगनीयहवा), थाना महाराजगंज, आजमगढ़ बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। तहरीर में आरोप है कि करीब एक माह पहले दोनों को साथ पकड़े जाने पर पुनीत मिश्रा ने परिजनों से गाली-गलौज करते हुए युवती को भगाकर ले जाने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। परिजन के अनुसार बुधवार की शाम युवती घर से लापता हुई, जिसके बाद उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन पता नहीं चला।
दूसरे मामले में एक गांव निवासी पिता ने अपनी करीब 20 वर्षीय पुत्री के लापता होने की तहरीर दी है। आरोप है कि गांव का ही सोनू पुत्र राजेन्द्र निवासी सकरा दक्षिण, थाना जैतपुर, मोबाइल फोन पर युवती से बातचीत करता था। बीते 15 सितंबर की रात करीब तीन बजे सोनू के बुलाने पर युवती घर से बाहर गई, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन युवती का पता नहीं चल सका।
दोनों मामलों में परिजनों ने पुलिस से युवतियों को बरामद कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जैतपुर थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।