◆ सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में दीपोत्सव की भव्यता और मुख्यमंत्री योगी के प्रयासों की सराहना, 9 नवंबर को दोबारा ड्रोन शो कराने की चर्चा
अयोध्या। गोसाईगंज विधायक अभय सिंह भाजपा में शामिल होने के बाद अब सरकारी कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। मंगलवार को सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने दीपावली के अवसर पर उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल वितरित किए।
इस दौरान अभय सिंह ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव हर साल नई भव्यता के साथ आयोजित हो रहा है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों के अयोध्या पहुंचने से स्थानीय व्यापारियों को भी आर्थिक लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि दीपोत्सव के दिन आयोजित ड्रोन शो को नौ नवंबर को दोबारा कराने को लेकर चर्चा चल रही है। अनुमति मिलने पर अयोध्यावासी एक बार फिर इस आकर्षक आयोजन का आनंद ले सकेंगे।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के बयान को लेकर उन्होंने उनका बचाव किया। अभय सिंह ने कहा कि राजभर दलितों, पिछड़ों और शोषित-वंचित समाज की आवाज उठाने वाले नेता हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी अपने वित्तपोषित पत्रकारों के माध्यम से राजभर की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाजपा की जमीन खिसकने संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए अभय सिंह ने कहा कि विपक्ष को व्यर्थ की बातों पर ध्यान देने के बजाय जमीनी हकीकत देखनी चाहिए। वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल और जवाहरलाल नेहरू के बीच कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव का उदाहरण दिया।
राम मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए लोगों ने स्वेच्छा से सहयोग दिया है। इस विषय पर चर्चा करने का अधिकार उन्हीं लोगों को होना चाहिए, जिन्होंने इसमें सहयोग किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की सराहना करते हुए विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री दीपोत्सव की तैयारियों का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण करते हैं। उनका प्रयास रहता है कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को पानी, शौचालय, पार्किंग और बैठने जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े।