Saturday, September 19, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरनवनिर्वाचित बार पदाधिकारियों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

नवनिर्वाचित बार पदाधिकारियों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ


जलालपुर, अंबेडकरनगर। जलालपुर बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को बार सभा कक्ष में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि ग्राम न्यायालय के न्यायाधीश आश्री शाह तथा विशिष्ट अतिथि अंबेडकरनगर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील यादव रहे। कार्यक्रम की शुरुआत नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाने के साथ हुई।

बार चुनाव अधिकारी रामआसरे ने नवनिर्वाचित बार अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामआसरे, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज मिश्रा, मंत्री जगदीश चंद्र यादव, संयुक्त मंत्री चंद्र विजय राव, कोषाध्यक्ष यशोदानंदन मिश्रा और ऑडिटर आसाराम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

मुख्य अतिथि ग्राम न्यायालय के न्यायाधीश आश्री शाह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय से ही वादकारियों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण न्याय दिलाने का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने अधिवक्ताओं से न्यायिक व्यवस्था की गरिमा बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील यादव ने निवर्तमान बार अध्यक्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए नवनिर्वाचित टीम को अधिवक्ताओं के हित, सम्मान और संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के साथ संगठन में एकजुटता बनाए रखना नई कार्यकारिणी की प्राथमिकता होनी चाहिए।

नवनिर्वाचित बार अध्यक्ष वीरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। प्रत्येक अधिवक्ता के हित और सम्मान की रक्षा के साथ बार और बेंच के बीच समन्वय को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
शपथ ग्रहण समारोह में बार और बेंच के बेहतर समन्वय की बात तो मंच से कही गई, लेकिन समारोह में स्थानीय न्यायिक अधिकारियों के शामिल नहीं होने को लेकर अधिवक्ताओं के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम न्यायालय के न्यायाधीश आश्री शाह मौजूद रहे, जबकि स्थानीय बेंच की अन्य प्रमुख मौजूदगी नजर नहीं आई। समारोह में बेंच की अपेक्षित भागीदारी नहीं होने को लेकर अधिवक्ता आपस में इसके अलग-अलग कारणों पर चर्चा करते दिखाई दिए। इस संबंध में बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में शामिल के लिए आमंत्रण दिया गया था लेकिन शामिल नहीं हुए।
इस दौरान निवर्तमान बार अध्यक्ष कृपाशंकर मौर्य, जिला मंत्री अनिल वर्मा, चुनाव अधिकारी रामआसरे चौरसिया सहित नवनिर्वाचित पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments