अयोध्या। सरयू नदी में रविवार को दो अलग-अलग हादसों में एक युवक और 11 वर्षीय बालक डूब गए। दोनों की तलाश में पुलिस व एसडीआरएफ की टीम लगातार जुटी हुई है। पहली घटना संत तुलसीदास घाट पर देर रात घटी। बस्ती जिले के आवास विकास कॉलोनी निवासी अभिषेकपांडेय अपने साथियों के साथ स्नान करने उतरे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अभिषेक नशे की हालत में नदी में कूद गया और गहरे पानी में डूब गया। उसके साथ मौजूद शिवम और आदित्य को जल पुलिस ने किसी तरह बचा लिया, लेकिन अभिषेक का पता नहीं चल सका। दूसरा हादसा रविवार सुबह करीब आठ बजे राजघाट पर हुआ। मोहल्ला मछवाना, अयोध्या निवासी 11 वर्षीय शिवममांझी, पुत्र रामनाथ मांझी, नदी की तेज धारा में बह गया। बच्चे के डूबते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। एनडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की खोजबीन की जा रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।