Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर क्षेत्र में दो सड़क हादसे, एक की मौत, कई घायल

क्षेत्र में दो सड़क हादसे, एक की मौत, कई घायल

0
2

जलालपुर, अंबेडकरनगर। जलालपुर क्षेत्र में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
पहली घटना जलालपुर-बसखारी मार्ग पर नंदापुर चौराहे के समीप फूंकनपुर गांव के पास हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र स्थित कूचेहरा गांव निवासी जिनोद कुमार, रंजीत, लीलावती, कुसुम, माधुरी, अनामिका, तनु और आंचल समेत अन्य लोग कटका थाना क्षेत्र के भियांव स्थित दरगाह पर दर्शन करने के बाद बसखारी थाना क्षेत्र स्थित किछौछा दरगाह जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गया और दोबारा सड़क पर चढ़ने के प्रयास में फिसलकर पलट गया।
हादसे में टेंपो सवार जिनोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रंजीत (55 वर्ष), लीलावती (50 वर्ष), कुसुम (55 वर्ष) और माधुरी (56 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य तीन लोगों को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जलालपुर पुलिस सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर ले गई, जहां चिकित्सक डॉ. राजीव कुमार रंजन ने जिनोद कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायलों का उपचार जारी है।
इसी क्रम में दूसरी दुर्घटना जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के पट्टी चौराहे के पास हुई। सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कामतागंज निवासी अंकित सोनकर ई-रिक्शा से मित्तूपुर जा रहे थे। पट्टी चौराहे के निकट पहुंचते ही ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here