जलालपुर अम्बेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सोहगुपुर गांव के पास बुधवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हसन अब्बास (70) निवासी जाफराबाद, कोतवाली जलालपुर, बाइक से जलालपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आलोक निवासी नसोपुर अपनी बाइक से जा रहे थे। सोहगुपुर गांव के निकट दोनों बाइकों में आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि हसन अब्बास की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जबकि आलोक भी बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने हसन अब्बास को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आलोक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक वेद प्रकाश ने बताया कि मृतक के परिजनों ने लिखित रूप में पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
वहीं इस संबंध में प्रभारी कोतवाल जैद अहमद ने बताया कि उन्हें अभी तक घटना की कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।