Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या घने कोहरे में ट्रक–बस की टक्कर, छह यात्री घायल

घने कोहरे में ट्रक–बस की टक्कर, छह यात्री घायल

0

अयोध्या। लखनऊ–अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह करीब नौ बजे घने कोहरे के कारण सड़क हादसा हो गया। रौजागांव स्थित चीनी मिल के सामने तेज रफ्तार ट्रक व जयपुर से गोरखपुर जा रही डबल डेकर बस आपस में टकरा गई। टक्कर में ट्रक सड़क पर पलट गया, जबकि बस में सवार छह यात्री घायल हो गए।



हादसे की सूचना मिलते ही रुदौली कोतवाली प्रभारी संजय मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल अयोध्या रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज सीएचसी में जारी है।

पुलिस के अनुसार, ट्रक चीनी मिल से निकल रहा था। घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, इसी दौरान बस से उसकी टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर मार्ग को सुचारू कराया। प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण घना कोहरा और कम दृश्यता सामने आया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version