Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या ज्वाला माता धाम का पर्यटन विकास कार्य पूर्ण, श्रद्धालुओं को मिलीं नई...

ज्वाला माता धाम का पर्यटन विकास कार्य पूर्ण, श्रद्धालुओं को मिलीं नई सुविधाएं

0

अयोध्या। अयोध्या जनपद के नगर पंचायत खिरौनी सुचित्तागंज, सोहावल क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध ज्वाला माता मंदिर का पर्यटन विकास कार्य पूर्ण कर लिया गया है। लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से कराई गई इस परियोजना के पूरा होने के बाद मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुव्यवस्थित, स्वच्छ और सुविधाजनक हो गया है।

ज्वाला माता मंदिर लंबे समय से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी क्रम में मंदिर परिसर में विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं, जिससे दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

पर्यटन विकास कार्य को कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के माध्यम से कराया गया है। परियोजना के अंतर्गत सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को शामिल किया गया। सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए गए हैं।

परियोजना के तहत यात्री निवास का निर्माण, शुद्ध पेयजल व्यवस्था, आधुनिक शौचालय, सैंड स्टोन फ्लोरिंग और इंटरलॉकिंग का कार्य पूरा किया गया है। इसके अलावा परिसर में स्टोन बेंच लगाए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को बैठने की सुविधा मिल सके। सुगम आवागमन के लिए आकर्षक गेट और साइनेज लगाए गए हैं। ऊर्जा संरक्षण को ध्यान में रखते हुए परिसर में सोलर लाइट्स भी स्थापित की गई हैं।

यूपीपीसीएल के परियोजना प्रबंधक मनोज शर्मा ने बताया कि ज्वाला माता मंदिर से संबंधित सभी निर्धारित विकास कार्य सफलतापूर्वक पूरे कर लिए गए हैं और सुविधाएं श्रद्धालुओं के उपयोग के लिए उपलब्ध करा दी गई हैं।

स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि विकास कार्यों के बाद दर्शन व्यवस्था अधिक सुगम हो गई है। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version