कुमारगंज, अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अयोध्या के कुमारगंज में आयोजित जनपद स्तरीय वृहद रोजगार मेला और युवा सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवाओं को नियुक्ति पत्र और छात्र-छात्राओं को टैबलेट व स्मार्टफोन वितरित किए। इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि हमारा युवा, हमारी प्रगति और भारत के सशक्तिकरण का माध्यम है। जब सरकार सकारात्मक होती है, आपकी भावनाओं को समझने वाली होती है तो नौकरी की कमी नहीं होती है।
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट कहना है कि उनके लिए देश में सिर्फ चार जातियां हैं, जिनके सशक्तिकरण के लिए हमें काम करना है। एक गरीब की, दूसरी अन्नदाता किसान की, तीसरी युवा और चौथी आधी आबादी यानी नारी की। गरीबी उन्मूलन की दिशा में जीरो पावर्टी के लक्ष्य को हम प्राप्त कर सकें, डबल इंजन की सरकार इस पर कार्य कर रही है। अन्नदाता किसान समृद्ध हो, उसकी आमदनी बढ़ सके, कृषि और प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय, कृषि वैज्ञानिक और प्रगतिशील किसान मिलकर उसके लिए प्रयास कर रहे हैं। हमारा युवा तकनीकी रूप से सक्षम बनकर अपनी प्रतिभा और अपनी ऊर्जा का लाभ राष्ट्रनिर्माण के अभियान में कर सके, इसके लिए उस युवा को रोजगार मिले, उसका कौशल विकास हो, उसे तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्धता से नए-नए कार्यक्रम ला रही है। नारी सशक्तिकरण के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बेटी पढ़ाओ बेटी बढ़ाओ के साथ ही अलग-अलग क्षेत्र में जो प्रयास प्रारंभ हुए हैं, उसके परिणाम आज देखने को मिल रहे हैं।
उन्होंने आज से सात वर्ष पहले उत्तर प्रदेश में क्या हालात थे। हर तीसरे दिन दंगा होता था, पर्व और त्योहार शांति से नहीं मना सकते थे, बेटी और व्यापारी दोनों की सुरक्षा खतरे में रहती थी, प्रदेश में माफियाराज और जंगलराज जैसी स्थिति थी। पिछले सात वर्षों में प्रदेश ने अपना परसेप्शन बदला है। आज उत्तर प्रदेश सुरक्षा और कानून व्यवस्था का मॉडल तो बना ही है, निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन बनकर देश और दुनिया के निवेश को आकर्षित करने में सक्षम हुआ है। प्रदेश में जो निवेश आ रहा है इसका परिणाम है कि लाखों युवाओं को नौकरी उनके गांव और उनके घर में देने में सफलता मिली है। इस निवेश के माध्यम से अब तक एक करोड़ 62 लाख नौजवान रोजगार प्राप्त कर चुके हैं। स्वरोजगार के लिए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट की योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, पीएम विश्वकर्मा, पीएम स्वनिधि, पीएम स्वरोजगार की योजना के साथ ही प्रधानमंत्री मुद्रा योजना ने भी आर्थिक स्वावलंबन का मार्ग प्रशस्त किया है। इन्हीं कार्यक्रमों की श्रंखला में प्रदेश सरकार ने साढ़े 6 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी देने में भी सफलता प्राप्त की है। पुलिस भर्ती परीक्षा के बारे में सीएम योगी ने कहा कि 23,24,25 और फिर 30 व 31 अगस्त को पुलिस भर्ती परीक्षा की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, जिसमें 60 हजार नौजवानों की हम भर्ती करने जा रहे हैं। इतनी बड़ी भर्ती उत्तर प्रदेश के इतिहास में कभी नहीं हुई। इसके तहत 20 फीसदी सीटें ऐसी होंगी, जिसमें सिर्फ बेटियां भर्ती होंगी। बेटियों की भर्ती इसलिए कर रहे हैं ताकि सड़क और चौराहों पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले शोहदों को ये बेटियां ठिकाने लगाने का काम कर सकें।
दुष्कर्मियों के समर्थन के लिए सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और विपक्षी दलों के नेताओं पर करारा हमला किया। उन्होंने कहा कि एक तरफ मोदी जी बेटी पढ़ाओ बेटी बढ़ाओ के साथ आगे बढ़ रहे हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से देश की संसद में और प्रदेश की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण सुनिश्चित कर रहे हैं तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के नेता कोलकाता में एक डॉक्टर के साथ सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम देने वाले दुष्कर्मियों का समर्थन कर रहे हैं। तनिक तो शर्म करनी चाहिए। संस्कार कभी समाप्त नहीं होते। ये वही लोग हैं जो कहते थे कि लड़के हैं गलती कर देते हैं। ये वही लोग हैं, जिन्होंने इसी अयोध्या में एक गरीब अति पिछड़ी जाति की बालिका के साथ हुए रेप की घटना पर बड़ी बेशर्मी के साथ उन अपराधियों को बचाने का काम किया था। इनके एक नेता कन्नौज में भी ऐसे ही मामले में पकड़े गए। लखनऊ में भी एक बेटी को बारिश के पानी में गिराने वाले अपराधियों के समर्थन में सपा के मुखिया खड़े हो गए। ऐसा लगता है कि इनकी पार्टी का चरित्र ही ऐसा हो गया है। इनकी ये आदत छुड़ाने के लिए कानून भी है और कानून का डंडा भी है। इन्होंने हर दुष्कर्मी और अपराधी को निर्दोष साबित करना अपने जीवन का लक्ष्य मान लिया है। ये यूपी में नहीं हो पाएगा।