Thursday, November 5, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यारंगों की रंगोली से सजा रामकथा पार्क का मार्ग, कमल-कलश और दीपों...

रंगों की रंगोली से सजा रामकथा पार्क का मार्ग, कमल-कलश और दीपों से होगा मुख्यमंत्री का स्वागत


दसवें दीपोत्सव की तैयारियों में रामनगरी को मिल रहा सांस्कृतिक रंग, सड़क पर उकेरी जा रहीं आकर्षक कलाकृतियां


अयोध्या । दसवें दीपोत्सव को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए रामनगरी को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से पहले रामकथा पार्क के समीप मुख्य मार्ग पर रंग-बिरंगी रंगोलियां उकेरी जा रही हैं। होटल सरयू यात्री निवास के सामने से रामकथा पार्क तक जाने वाले मार्ग को भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़ी कलाकृतियों से सजाया जा रहा है। इसी मार्ग से मुख्यमंत्री मुख्य आयोजन स्थल पर पहुंचेंगे।

सड़क पर बनाई जा रही रंगोलियों में कमल के फूल, मंगल कलश, स्वस्तिक और पारंपरिक दीपों की आकर्षक आकृतियां उकेरी गई हैं। रंगों के सुंदर संयोजन से तैयार ये कलाकृतियां राहगीरों और श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। कलाकार बारीकी से प्रत्येक आकृति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन के समय पूरा मार्ग उत्सवी छटा से सराबोर नजर आए।


रंगों में झलक रही भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत


रामकथा पार्क के आसपास सड़क को कैनवास का स्वरूप देकर उस पर पारंपरिक और धार्मिक प्रतीकों को उकेरा जा रहा है। कहीं कमल की मनोहारी आकृतियां हैं तो कहीं मंगल कलश और दीपों के माध्यम से शुभता और प्रकाश का संदेश दिया जा रहा है। रंगोलियों के जरिए भारतीय संस्कृति, परंपरा और दीपोत्सव के आध्यात्मिक महत्व को दर्शाने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों, कलाकारों और स्थानीय लोगों की सहभागिता से रामनगरी को उत्सव के अनुरूप सजाया जा रहा है। दीपों की जगमगाहट, रंगोलियों की कलात्मकता और रामायण से जुड़े सांस्कृतिक आयोजनों के समन्वय से दसवें दीपोत्सव को विशेष स्वरूप देने की तैयारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments