Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या आयुष्मान कार्ड से इलाज के भरोसे अस्पताल पहुंचे, ऑपरेशन के बाद लखनऊ...

आयुष्मान कार्ड से इलाज के भरोसे अस्पताल पहुंचे, ऑपरेशन के बाद लखनऊ रेफर करने की बात कही; परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

0
ayodhya samachar

अंबेडकर नगर। पहितीपुर स्थित एक हॉस्पिटल में आयुष्मान कार्ड से इलाज कराने पहुंचे एक परिवार ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज के नाम पर रुपये मांगने और ऑपरेशन में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत को लेकर गंभीर स्थिति बताई गई और लखनऊ ले जाने के लिए 1.20 लाख रुपये की मांग की गई। मामले में पीड़ित परिवार ने उच्चाधिकारियों से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित अमन प्रताप सिंह के मुताबिक, वह अपनी मां माधुरी सिंह का यूट्रस (बच्चेदानी) का ऑपरेशन कराने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। उनका आरोप है कि शुरुआत में अस्पताल की ओर से आयुष्मान कार्ड के जरिए पूरा इलाज होने की बात कही गई थी। बाद में रात करीब 10 बजे परिवार को बताया गया कि इलाज का अप्रूवल मिल गया है और तत्काल ऑपरेशन करना होगा, क्योंकि लखनऊ से डॉक्टर आए हुए हैं।

अमन का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद अस्पताल की ओर से बताया गया कि मरीज का यूट्रस लीवर से चिपका हुआ है और यहां आगे ऑपरेशन संभव नहीं है। मरीज को लखनऊ ले जाने की सलाह दी गई। परिवार का दावा है कि इसके लिए 1.20 लाख रुपये की मांग की गई और तत्काल 20 से 25 हजार रुपये की व्यवस्था करने को कहा गया।

परिवार ने ऑपरेशन के दौरान यूट्रस को निकालने के बाद दोबारा फिक्स किए जाने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस प्रक्रिया के बाद संक्रमण का खतरा पैदा हो गया है। हालांकि, मरीज की वास्तविक चिकित्सकीय स्थिति और उपचार में किसी तरह की लापरवाही हुई है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आयुष्मान योजना के तहत इलाज की प्रक्रिया और अस्पताल की भूमिका की पड़ताल करने तथा दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।  इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका पक्ष नहीं मिल सका।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version