Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या जानकी घाट पर 7 व 8 फरवरी को विश्वमांगल्य सभा का प्रांत...

जानकी घाट पर 7 व 8 फरवरी को विश्वमांगल्य सभा का प्रांत अधिवेशन, निकलेगी प्रभात फेरी व प्रदर्शनी

0

अयोध्या। नाका स्थित एक होटल सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में विश्वमांगल्य सभा की महासचिव प्रियंका शुक्ला ने बताया कि जानकी घाट पर 7 एवं 8 फरवरी को सभा का प्रांत अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इस दो दिवसीय अधिवेशन में महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।

उन्होंने बताया कि विश्वमांगल्य सभा देश में एक राष्ट्रीय स्तर के महिला जन संगठन के रूप में कार्य कर रही है। संस्था अपनी विशिष्ट कार्यपद्धति के माध्यम से भारत की समस्त महिलाओं को ‘मां’ की भावना के साथ एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास कर रही है। मातृ निर्माण का यह कार्य समाज और राष्ट्र के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभा ने विश्व कल्याण की कामना के साथ भारत को सर्वोच्च ऐश्वर्य प्रदान करते हुए ‘विश्व गुरु’ के पद पर स्थापित करने का संकल्प लिया है।

अधिवेशन के दौरान भारतीय जीवनचर्या पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही जानकी घाट से लता चौक तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, लोकगीत और स्त्री शक्ति की ऐतिहासिक भूमिका को दर्शाती झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। शिक्षा, विज्ञान, संस्कृति, सामाजिक कार्य, कला, प्रशासन और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक स्वाति रंजन, भगवती बलदेव, राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा देवी खंडेलवाल, उपाध्यक्ष नलिनी हावरे, प्रशांत हरतालकर, वैशाली जोशी सहित कई प्रमुख अतिथि शामिल होंगे। इस अवसर पर जिला संयोजिका पूजा त्रिपाठी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version