◆ अम्बेडकर जयंती पर 13 से 17 अप्रैल तक भाजपा आयोजित करेगी विविध कार्यक्रम
अयोध्या। भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर महानगर क्षेत्र में 13 से 17 अप्रैल तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में पार्टी कार्यालय सहादतगंज में आयोजित योजना बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि 13 अप्रैल को महानगर के 17 स्थानों पर स्थापित डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमाओं एवं परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिमा स्थलों को सजाया जाएगा तथा माल्यार्पण और दीपदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए कार्यक्रम संयोजक एवं मुख्य अतिथियों की भी नियुक्ति की गई है।
बताया कि 14 अप्रैल को अम्बेडकर जयंती के अवसर पर महानगर के सभी 419 बूथों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान बूथों पर पदाधिकारी संविधान की प्रस्तावना का वाचन करेंगे और बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। वहीं पार्टी कार्यालय पर आयोजित संगोष्ठी में उनके कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। 15 एवं 16 अप्रैल को अनुसूचित बस्तियों में घर-घर संपर्क व संवाद अभियान चलाया जाएगा, जिसमें समाज के विशिष्ट जनों को सम्मानित भी किया जाएगा। 17 अप्रैल को पूरा बाजार क्षेत्र में एक विशाल सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में कार्यक्रम संयोजक हरभजन गौड, तिलक राम मौर्या, शैलेन्द्र कोरी, वरूण चौधरी, काशीराम, दिनेश कन्नौजिया, शिवम शुक्ला, रवि सिंह, अरूण सोनकर, सूरज सोनकर, शशि प्रताप सिंह, बब्लू मिश्र, अजय गौड, संजय कोरी, शिववचन कोरी, विजय रंजन कोरी सहित अन्य पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।