अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी तथा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव का पार्टी कार्यालय सिविल लाइन, हनुमान गढी अयोध्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह और रामनामा भेंट कर दोनों नेताओं का अभिनंदन किया। दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अयोध्या जाकर श्री रामलला व हनुमान गढी में दर्शन पूजन किया।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए राधेश्याम त्यागी ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो दायित्व सौंपा है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करें और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाएं।
