Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या बरसात में जलभराव की शिकायतों के लिए नगर निगम ने शुरू किया...

बरसात में जलभराव की शिकायतों के लिए नगर निगम ने शुरू किया 24 घंटे का कंट्रोल रूम

0

◆ महापौर नगर आयुक्त ने किया शुभारंभ, तीन शिफ्टों में तैनात रहेंगे कर्मचारी


अयोध्या। मानसून के दौरान शहर में जलभराव की स्थिति से त्वरित राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम ने 24 घंटे संचालित होने वाले कंट्रोल रूम की शुरुआत की है। शुक्रवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कंट्रोल रूम का उद्घाटन कर इसकी औपचारिक शुरुआत की। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि बारिश के दौरान शहर में कहीं भी जलभराव की सूचना मिलने पर नगर निगम की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर जलनिकासी सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बरसात के मौसम में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी जोनों में निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई है।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम को चौबीसों घंटे संचालित रखने के लिए तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक शिफ्ट में दो कर्मचारी शिकायतों की निगरानी करेंगे और संबंधित क्षेत्र की टीम को तत्काल सूचना देकर कार्रवाई कराएंगे।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि जलभराव, नालियों के अवरुद्ध होने अथवा जलनिकासी संबंधी समस्या होने पर 1533 या टोल फ्री नंबर 1800-313-1277 पर शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित जोन की टीम को मौके पर भेजकर निर्धारित समय सीमा में समस्या का समाधान कराया जाएगा।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से शिकायतों की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति लंबे समय तक न बनी रहे।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, वरिष्ठ पार्षद बृजेंद्र सिंह, चंदन सिंह, धर्मेंद्र मिश्र, सूर्यकुमार तिवारी ‘सूर्या’, सुनील यादव, जगत नारायण यादव, सहायक अभियंता (निर्माण) राजपति यादव सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version