अयोध्या। प्रदेश के विभिन्न नगर निगमों से आए महापौरों ने शनिवार को क्रूज पर सवार होकर सरयू नदी का भ्रमण किया और रामनगरी के प्रमुख धार्मिक एवं विकास स्थलों का अवलोकन किया। नगर निगम अयोध्या के आमंत्रण पर महापौर यहां आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में भाग लेने आए हैं।
शनिवार को महापौरों का दल पंचशील होटल पहुंचा, जहां अयोध्या की महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, पार्षदों और अधिकारियों के साथ उनका स्वागत किया। सम्मेलन के पहले दिन महापौरों को अयोध्या भ्रमण कराया गया।
शाम लगभग छह बजे महापौरों का दल सरयू तट पहुंचा, जहां सरयू आरती में भाग लिया गया। इसके उपरांत महापौरों ने क्रूज के माध्यम से सरयू नदी का भ्रमण किया। लगभग आधे घंटे तक चले इस भ्रमण के दौरान सरयू तट, घाटों और आसपास के विकास कार्यों को देखा गया।
लखनऊ की मेयर सुषमा खर्वाल और कानपुर की मेयर प्रमिला पांडेय ने चर्चा के दौरान कहा कि अयोध्या में विकास कार्यों के साथ धार्मिक स्थलों का संरक्षण भी किया जा रहा है।
इसके बाद महापौर दल राम की पैड़ी पहुंचा, जहां चल रहे विकास कार्यों का अवलोकन किया गया। भ्रमण के क्रम में महापौरों ने कनक भवन मंदिर, हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि परिसर में दर्शन किए।
इस अवसर पर मुरादाबाद के मेयर विनोद अग्रवाल, झांसी के मेयर बिहारी लाल आर्य, अलीगढ़ के मेयर प्रशांत, गोरखपुर के मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, प्रयागराज के मेयर गणेश केसरवानी, सहारनपुर के मेयर डॉ. अजय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्षद और नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि 28 दिसंबर को सुबह 10:30 बजे सम्मेलन का उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न नगर निगमों में किए जा रहे नवाचारों पर महापौर अपने विचार रखेंगे। सम्मेलन दोपहर तक चलेगा।