जलालपुर अंबेडकर नगर। सूर्य उपासना का चार दिवसीय लोकआस्था का महापर्व छठ पूजा जिला मुख्यालय सहित जलालपुर नगर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय के गायत्री मंदिर के बगल घाट पर व जलालपुर नगर के शिवाला घाट, मालीपुर थाना क्षेत्र के सुरहुरपुर, जैतपुर सहित अन्य घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालु महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
शिवाला घाट पर छठ पर्व के अवसर पर सजावट, दीप सज्जा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। नगर पालिका की ओर से घाटों पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और पेयजल की व्यवस्था के समुचित इंतजाम किए गए थे। शाम होते ही घाटों पर दीपों की झिलमिल रोशनी से मनमोहक दृश्य देखने को मिला।
प्रशासन ने पर्व को शांतिपूर्ण व सुरक्षित बनाने के लिए कड़ी निगरानी रखी। उपजिलाधिकारी राहुल गुप्ता, तहसीलदार गरिमा भार्गव, तथा कोतवाल संतोष कुमार सिंह स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर डटे रहे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार अपनी टीम के साथ साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की देखरेख में जुटे रहे।
पर्व में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में पूर्व नगर अध्यक्ष संजीव मिश्रा, नगर अध्यक्ष संदीप गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कमर हयात, राधेश्याम शुक्ल, मानिकचंद सोनी, सुरेंद्र सोनी, छठ पूजा सेवा दल ग्रुप के अध्यक्ष सुमित गुप्ता व नीरज प्रताप सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
छठ पूजा ने जलालपुर क्षेत्र में सामाजिक एकता और धार्मिक समरसता का अद्भुत संदेश दिया। हर वर्ग और समुदाय के लोगों ने एक साथ मिलकर सूर्य देव की आराधना की और भक्ति, आस्था व सौहार्द का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।