Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या रामायणकालीन वृक्षों से आच्छादित होगी रामनगरी

रामायणकालीन वृक्षों से आच्छादित होगी रामनगरी

0

◆  नगर निगम बनाएगा उपवन, मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत खुलेगी डिजिटल लाइब्रेरी


अयोध्या। नगर निगम रामनगरी को रामायणकालीन वृक्षों से आच्छादित करेगा। इसके लिए नगर क्षेत्र में जगह-जगह उपवन विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत डिजिटल लाइब्रेरी भी स्थापित की जाएगी। यह निर्णय महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में नगर निगम की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
महापौर ने निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में 500 वर्ग मीटर से छोटे और बड़े उपलब्ध स्थलों का चयन किया जाए। इन स्थानों पर रामायणकालीन वृक्ष लगाए जाएंगे। उन्होंने जैन मंदिरों के आसपास भी भूमि तलाशने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने हीट एक्शन प्लान के तहत अति संवेदनशील नौ वार्डों में इस योजना पर विशेष फोकस करने को कहा। बैठक में बताया गया कि नगर क्षेत्र में मियावाकी पद्धति से दो उपवन पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने के लिए वशिष्ट कुंड, चित्रगुप्त, मलिकपुर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्डों में स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में तय किया गया कि नगर निगम निधि से पांच छोटे तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। उनकी वेरीकेटिंग कराकर जल उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। नगर आयुक्त ने कहा कि पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का भुगतान समय से कराया जाए। उन्होंने छह माह से अधिक समय से लंबित कार्यों वाले ठेकेदारों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। स्मार्ट सिटी योजना के तहत निर्मित चार स्कूलों का लोकार्पण स्कूल खुलते ही कराने को कहा गया। भजन संध्या स्थल के पास पार्किंग और शौचालय निर्माण की योजना को भी अंतिम रूप देने का निर्णय लिया गया।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि स्वीकृत पांच तालाबों का निर्माण कार्य चल रहा है। इन्हें समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत 32 निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 30 परियोजनाएं प्रगति पर हैं। बैठक में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, मुख्य अभियंता सिविल पुनीत कुमार ओझा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version