जलालपुर, अंबेडकर नगर। बहुजन समाज पार्टी की ओर से जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के सेमरा सेक्टर अंतर्गत ढकवा-मजगवां में विधानसभा स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और पार्टी प्रत्याशी डॉ. दयाराम राजभर को जिताकर विधानसभा पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जलालपुर विधानसभा क्षेत्र बहुजन समाज पार्टी की परंपरागत सीट रही है। यहां की जनता ने सबसे पहले स्वर्गीय रामलखन वर्मा को विधायक बनाया था। बसपा कार्यकर्ता सर्वसमाज के बीच जाकर भाईचारा मजबूत करें और पार्टी को जीत दिलाने के लिए काम करें।
प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार की नीतियों से छात्र, नौजवान, किसान, बेरोजगार और व्यापारी परेशान हैं। नौजवान पेपर लीक सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार की ओर से उनकी अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों का जिक्र करते हुए कहा कि बसपा सरकार में गरीबों, पिछड़ों और सर्वसमाज के लोगों के विकास के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गई थीं। उनके अनुसार, बाद में समाजवादी पार्टी की सरकार ने कई योजनाओं को समाप्त करने के साथ ही महापुरुषों के नाम पर बनाए गए जिलों और पदोन्नति में आरक्षण को भी खत्म करने का काम किया। उन्होंने कहा कि बसपा ने हमेशा सर्वसमाज के हितों को प्राथमिकता दी है।
विश्वनाथ पाल ने कहा कि बसपा का नारा ‘जिसकी जितनी संख्या भारी, उतनी उसकी हिस्सेदारी’ सामाजिक भागीदारी और सर्वसमाज के विकास की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाएं। आगामी विधानसभा चुनाव में जलालपुर से पार्टी प्रत्याशी डॉ. दयाराम राजभर को जिताकर वर्ष 2027 में सुश्री मायावती को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ काम करें।
भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था बदहाल: डॉ. दयाराम राजभर
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी डॉ. दयाराम राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव में सुश्री मायावती को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की।
बैठक के विशिष्ट अतिथि अयोध्या मंडल प्रभारी अरविंद गौतम ने कहा कि पूर्ववर्ती बसपा सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती ने गरीबों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की थीं। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक गरीब और जरूरतमंद वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना था।
बैठक का संचालन मंडल प्रभारी राम नयन निर्दोष ने किया। इस मौके पर बसपा जिलाध्यक्ष सुनील सावंत, समीर चौधरी, तिलकधारी गौतम, रोहित प्रजापति, मगन प्रसाद, डॉ. मुन्ना, अंशदार राजभर, केशरी राजभर, राहुल, महेंद्र, डॉ. श्याम नारायण, धर्मेंद्र राजभर, विजय बहादुर गौतम, संदीप कुमार गौतम, प्रदीप शास्त्री, रामराज गौतम, अनिल शर्मा, अभिषेक पाल, पति राज निषाद, अंश राजभर, विकास गौड़, भोला राजभर, उमेश निषाद, सचिन आजाद पांडेय, अवधेश यादव, रामकली मौर्य, जयराम राजभर, अंकित मौर्य, अनिल गौड़ और रिंकू राजभर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।