Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या छठ पूजा और परिक्रमा को लेकर अयोध्या में नगर निगम ने किए...

छठ पूजा और परिक्रमा को लेकर अयोध्या में नगर निगम ने किए व्यापक इंतजाम

0
ayodhya samachar

◆ घाटों पर 145 चेंजिंग रूम, 471 बायो शौचालय और पेयजल की व्यवस्था


◆ गुप्तारघाट व नयाघाट पर विशेष सफाई, परिक्रमा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए कैंप


अयोध्या। छठ पूजा पर्व और चौदहकोसी व पंचकोसी परिक्रमा को लेकर नगर निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। घाटों से लेकर परिक्रमा मार्गों तक सफाई, पेयजल, शौचालय, विश्राम और कपड़े बदलने की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। गुप्तारघाट और नयाघाट पर विशेष सफाई व्यवस्था के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अयोध्या धाम क्षेत्र में 24 घंटे सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि छठ पूजा और परिक्रमा के मद्देनजर सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली गई हैं। घाटों पर नगर निगम की ओर से कैंप स्थापित किए गए हैं, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इन कैंपों के आसपास सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए हैं। महिलाओं की सुविधा के लिए घाट क्षेत्रों में नौ स्थायी और 136 अस्थायी चेंजिंग रूम निशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर लगे विद्युत पोलों को प्लास्टिक कवर से सुरक्षित किया गया है, ताकि करंट से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। चौदहकोसी और पंचकोसी परिक्रमा मार्गों पर विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाए गए हैं। यहां प्रकाश, बैठने के लिए कुर्सियों और पेयजल की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर वाटर टैंकर भी लगाए गए हैं।

नगर निगम सीमा के अंतर्गत घाटों और अन्य प्रमुख स्थलों पर 471 बायो शौचालय स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से श्रद्धालुओं को निशुल्क प्रसाधन सुविधा दी जा रही है। इसके अतिरिक्त नगर निगम क्षेत्र में 85 वाटर कूलर और 25 वाटर कियोस्क संचालित हैं। इनमें अयोध्या धाम में 48 वाटर कूलर और 18 वाटर कियोस्क तथा कैंट क्षेत्र में 37 वाटर कूलर और सात वाटर कियोस्क शामिल हैं। सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों के माध्यम से भी श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

भीड़ को देखते हुए बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, धर्मशालाओं, रेस्टोरेंट, होमस्टे और अन्य प्रमुख स्थलों पर विशेष सफाई व्यवस्था की गई है। अयोध्या धाम के फुटपाथों को पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं के लिए अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। घाटों और परिक्रमा मार्गों पर आवारा गोवंश की रोकथाम के लिए टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें छुट्टा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में भेज रही हैं।

अयोध्या को स्वच्छ और पॉलीथीन मुक्त रखने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। पब्लिक एड्रेस सिस्टम और वेरिएबल मैसेजिंग सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता, पॉलीथीन के इस्तेमाल से बचने और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अयोध्या को विश्वस्तरीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जा रहा है। छठ पूजा और परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके साथ ही अयोध्या की स्वच्छता और धार्मिक गरिमा बनाए रखने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version