Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या यातायात माह में 1699 वाहनों का ई-चालान, ओवरस्पीडिंग के 652 मामले पकड़े

यातायात माह में 1699 वाहनों का ई-चालान, ओवरस्पीडिंग के 652 मामले पकड़े

0
ayodhya samachar

◆ बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 692 चालकों के खिलाफ कार्रवाई


◆ पुलिस ने बाइक रैली निकालकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक


अयोध्या। यातायात माह के तहत अयोध्या पुलिस ने गुरुवार को जागरूकता अभियान के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। जनपदीय पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर विभिन्न नियमों के उल्लंघन में कुल 1699 वाहनों का ई-चालान किया। इनमें सबसे अधिक 652 मामले ओवरस्पीडिंग के रहे, जबकि बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 692 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश और अपर पुलिस अधीक्षक यातायात के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए बाइक रैली निकाली गई। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई।

प्रवर्तन कार्रवाई में तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने पर 109, मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर दो, फिटनेस संबंधी उल्लंघन में 10, फॉल्टी नंबर प्लेट के 13, ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी उल्लंघन में 17 और बिना बीमा वाहन चलाने पर 29 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा प्रेशर हॉर्न के प्रयोग पर एक, मॉडिफाइड साइलेंसर के दो, नो-पार्किंग के 96 और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में 76 वाहनों का चालान किया गया।

पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान जारी रहेगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version