◆ 18 वर्षकीआयुपूरीकरनेवालेयुवाओंऔरमहिलाओंकेपंजीकरणपरविशेषजोर, 21-22 और 28-29 नवंबरकोबूथोंपरमिलेंगेबीएलओ
◆ चार जनवरी 2027 को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, डीएम ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
अयोध्या। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जिले में मतदाता सूची को अद्यतन करने और छूटे हुए पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं, महिलाओं और अन्य पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर को किया जाएगा। दावे और आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक प्राप्त की जाएंगी। इसके लिए 21 व 22 नवंबर तथा 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक अपने मतदेय स्थलों पर मौजूद रहेंगे। वहां मतदाता पंजीकरण से संबंधित फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, नाम हटवाने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 भरा जाएगा। फार्म-6 के साथ निर्धारित आकार की नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लगाना अनिवार्य है। आवेदन में पूरा पता और मोबाइल नंबर सही अंकित करने की अपील की गई है। नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in और ECINET ऐप के जरिए आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को होगा।
युवाओंऔरमहिलाओंकेपंजीकरणपरविशेषजोर
जिलाधिकारी ने कहा कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए। इसके लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं को चिह्नित कर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। कक्षा नौ और उससे ऊपर के शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब गठित करने, क्लब के समन्वयक और ऑडिटर नामित करने तथा पहले से गठित क्लबों को सक्रिय करने को कहा गया। विद्यार्थियों को मतदान के महत्व और निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताएं भी आयोजित कराई जाएंगी।
विभागोंकोसौंपीगईजिम्मेदारी
मतदाता पंजीकरण अभियान को व्यापक बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्वास्थ्य विभाग को एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से महिलाओं का पंजीकरण कराने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पात्र महिलाओं को चिह्नित करने तथा एनआरएलएम को समूह सखियों के माध्यम से महिला मतदाताओं तक पहुंच बनाने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम को पार्षदों, जबकि जिला पंचायत राज विभाग को ग्राम प्रधानों के सहयोग से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में छूटे हुए मतदाताओं की पहचान कराने को कहा गया। पूर्ति विभाग को कोटेदारों के माध्यम से पात्र नागरिकों को जागरूक करने, मनरेगा विभाग को श्रमिकों और युवाओं तथा उद्योग विभाग को औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों का पंजीकरण कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग को छूटे हुए दिव्यांग मतदाताओं का पंजीकरण कराने और खेल विभाग को पात्र युवा खिलाड़ियों को मतदाता सूची से जोड़ने के निर्देश दिए गए। जनसेवा केंद्र संचालकों को फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 ऑनलाइन भरने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को सौंपी गई।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को अभियान को गंभीरता से संचालित करने और अपने-अपने विभागों के माध्यम से पात्र नागरिकों को जागरूक कर अधिकतम पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी विशु राजा, एसडीएम सोहावल गजेंद्र सिंह, रुदौली विनोद कुमार गुप्ता, मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा, बीकापुर संतोष कुमार, अयोध्या आनंद कुमार तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।