Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या मुलायम सिंह ने खुद स्वीकारा था गोली चलवाने का फैसला, पवन पांडे...

मुलायम सिंह ने खुद स्वीकारा था गोली चलवाने का फैसला, पवन पांडे बोले- नहीं चलवाई थी गोली

0

◆ संतों के विरोध पर पवन पांडे का तंज– बाहर दिखावे में कुछ मजबूरियां रही होंगी, यूं ही कोई बेवफा नहीं होता


◆ राम गोपाल यादव भी कारसेवकों पर गोली चलने की बात को संसद में कर चुके हैं स्वीकार


अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले रामनगरी में राजनीतिक और धार्मिक हलचल तेज हो गई है। मणिरामदास छावनी में संत-महंतों की बैठक में अखिलेश यादव से 1990 में कारसेवकों पर हुई पुलिस फायरिंग के मामले में माफी मांगने की मांग उठी। इसके बाद सपा के पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक पवन पांडे ने संतों के आरोपों को निराधार बताते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने कारसेवकों पर गोली नहीं चलवाई थी। पवन पांडे के इस बयान ने पुराने घटनाक्रम और समाजवादी पार्टी के नेताओं के पूर्व के बयानों को फिर चर्चा में ला दिया है।

दरअसल, 11 नवंबर को मणिरामदास छावनी में आयोजित संतों की बैठक में करीब 400 संत-महंत शामिल हुए। बैठक में संतों ने कहा कि अखिलेश यादव के रामलला के दर्शन करने और सरयू में स्नान करने पर उन्हें आपत्ति नहीं है, लेकिन अयोध्या आने से पहले उन्हें 1990 में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी के मामले में कारसेवकों के परिजनों से माफी मांगनी चाहिए। संतों ने चेतावनी दी कि माफी और प्रायश्चित के बिना उन्हें अयोध्या की पांच कोस की शास्त्रीय सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

संतों के इस रुख पर पवन पांडे ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने कोई गोली नहीं चलवाई थी। उन्होंने दावा किया कि बैठक करने वाले संत-महंत भी समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के साथ हैं। सभी संतों का आशीर्वाद अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के साथ है। संत-महंत चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बने और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनें। संतों के विरोध पर तंज कसते हुए पवन पांडे ने कहा, “बाहर दिखावे में कुछ मजबूरियां रही होंगी, यूं ही कोई बेवफा नहीं होता।”


मुलायम सिंह के पुराने बयान से उठे सवाल


पवन पांडे के बयान के बीच मुलायम सिंह यादव के पुराने सार्वजनिक बयान भी चर्चा में हैं। 16 जुलाई 2013 को मुलायम सिंह यादव ने एक साक्षात्कार में अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलाने का आदेश देने का दुख जताया था। वहीं 28 अगस्त 2016 को एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि धार्मिक स्थल को बचाने और उस समय की परिस्थितियों को देखते हुए गोली चलाने का फैसला जरूरी था। उन्होंने यह भी कहा था कि गोलीबारी में 16 लोगों की मौत हुई थी और अधिक लोगों की जान जाती तब भी वह अपने फैसले से पीछे नहीं हटते। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव भी मुलायम सिंह के फैसले का बचाव करते हुए राज्यसभा में कह चुके है कि बाबरी मस्जिद को छूने की कोशिश करने वाले गुंबद पर तो चढ़ गए, लेकिन उतर नहीं सके। साथ ही कहा था कि समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं को इस कार्रवाई पर न कभी अफसोस था, न है और न रहेगा। यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल है। ऐसे में पवन पांडे का यह कहना कि मुलायम सिंह यादव ने गोली नहीं चलवाई थी, उनके ही वरिष्ठ नेताओं के पुराने सार्वजनिक बयानों से मेल नहीं खाता। अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले संतों के विरोध और सपा नेताओं के पलटवार ने इस मुद्दे को फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है। अब 12 दिसंबर को अखिलेश यादव के अयोध्या आगमन और संतों के साथ संभावित मुलाकात पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version