◆ सपा नेता आशीष पाण्डेय की अगुवाई में पंचशील होटल पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय का स्वागत
अयोध्या। सिद्धार्थनगर से लखनऊ जाते समय समाजवादी पार्टी के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय का अयोध्या के पंचशील होटल पर भव्य स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के अयोध्या नगर निगम के पूर्व मेयर प्रत्याशी डॉ. आशीष पाण्डेय “दीपू” ने किया।
इस दौरान अयोध्या के पूर्व विधायक एवं प्रदेश महासचिव जय शंकर पाण्डेय ने नेता प्रतिपक्ष को बुके और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। समाजवादी पार्टी में हाल ही में शामिल हुए डॉ. करन त्रिपाठी ने रामनामी भेंट कर उनका अभिनंदन किया। वहीं समाजवादी व्यापार सभा के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव जनार्दन पाण्डेय बबलू पंडित ने माला पहनाकर स्वागत किया। प्रदेश कार्यकारिणी के नवनियुक्त सदस्य महर्षि राम द्विवेदी ने भी बुके भेंट कर नेता प्रतिपक्ष का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने डॉ. आशीष पाण्डेय “दीपू” के नेतृत्व में एकत्रित ब्राह्मण समाज के नवनियुक्त युवा पदाधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने सभी से अपने समाज के बीच जाकर ब्राह्मण समाज पर हो रहे अत्याचार और उत्पीड़न तथा वर्तमान सरकार के तानाशाही रवैये को उजागर करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा ब्राह्मण समाज का सम्मान किया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज से आने के बावजूद उन्हें मुलायम सिंह यादव की सरकार और अखिलेश यादव की सरकार में विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य करने का अवसर मिला और वर्तमान में वह नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान भगवान परशुराम जयंती पर घोषित अवकाश को भी समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ब्राह्मण समाज सहित सर्वसमाज वर्तमान सरकार के रवैये से भयभीत है और लगातार उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने ब्राह्मण समाज से एकजुट होकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया, ताकि समाज का खोया हुआ सम्मान वापस मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान पंचशील होटल में प्रसिद्ध कथावाचक और ज्योतिषाचार्य आचार्य हनुमान प्रसाद पाण्डेय गुरु जी ने नेता प्रतिपक्ष सहित उपस्थित सभी लोगों को अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष ने समाजवादी पार्टी के ब्राह्मण समाज के नवनियुक्त युवा पदाधिकारियों और व्यापारी नेता जनार्दन पाण्डेय बबलू पंडित (राष्ट्रीय सचिव समाजवादी व्यापार सभा), डॉ. करन त्रिपाठी (निदेशक NICTE कंप्यूटर इंस्टिट्यूट फैजाबाद) और महर्षि राम द्विवेदी (सदस्य प्रदेश कार्यकारिणी) को माला पहनाकर आशीर्वाद दिया।