Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या  ‘वाणी और व्यवहार’ पर शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला, शिक्षा को मिलेगी नई दिशा

 ‘वाणी और व्यवहार’ पर शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला, शिक्षा को मिलेगी नई दिशा

0

अयोध्या। आध्यात्मिक पहचान के साथ शैक्षिक उत्कृष्टता की ओर अग्रसर अयोध्या में “वाणी और व्यवहार” विषय पर एक प्रभावी शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रामराज्य अयोध्या फाउंडेशन के संस्थापक एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह ने किया। कार्यशाला का आयोजन झुनझुनवाला ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूट परिसर स्थित झुंझुनवाला ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्व संवाद केंद्र, लखनऊ के निदेशक नरेंद्र भदौरिया ने शिक्षकों की भूमिका को समाज निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि शिक्षक का आचरण और व्यवहार ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण की दिशा तय करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सकारात्मक वाणी और आदर्श चरित्र से ही राष्ट्र का भविष्य सुदृढ़ होता है।


 


हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि अयोध्या को केवल आध्यात्मिक नगरी ही नहीं, बल्कि शैक्षिक उत्कृष्टता का भी केंद्र बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षण प्रक्रिया में संवाद-कौशल, संस्कार और नैतिक मूल्यों का समावेश किया जाए, तो अयोध्या देश के लिए एक आदर्श शैक्षिक मॉडल बन सकती है।

कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. शालिनी अग्रवाल द्वारा संवाद-कौशल आधारित सहभागिता कार्यशाला (Communication Activity Workshop) का आयोजन किया गया। इस सत्र में शिक्षकों ने व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से प्रभावी संप्रेषण, सकारात्मक भाषा प्रयोग और विद्यार्थियों के साथ संवेदनशील संवाद के कौशल सीखे।

कार्यशाला में टाइनी टॉस स्कूल, जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल तथा झुनझुनवाला ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूट के प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की। प्रतिभागियों ने इस पहल को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।

यह कार्यशाला अयोध्या को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में देखी जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version