अयोध्या। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अयोध्या महानगर द्वारा आगामी 27 जनवरी को प्रतिभा सम्मान समारोह–2026 का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा सत्र 2024–25 में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले तथा टॉपर रहे लगभग 1200 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही खेल स्पर्धाओं के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अयोध्या महानगर का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी उनकी प्रतिभा के अनुरूप सम्मान प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रांत सह मंत्री शिवम मिश्रा ने बताया कि यह प्रतिभा सम्मान समारोह समाज के मेधावी और होनहार छात्र-छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मानित करने का मंच है। इससे न केवल सम्मानित होने वाले विद्यार्थी प्रोत्साहित होंगे, बल्कि अन्य छात्रों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। यह आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।
महानगर मंत्री जयश्री रावत ने कहा कि समारोह में शैक्षिक उपलब्धियों के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों में बहुआयामी विकास की भावना को बल मिलेगा।
विभाग संयोजक शशांक विद्यार्थी ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अपने स्थापना काल से ही छात्र-छात्राओं के बीच कार्य करते हुए शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रनिर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रतिभा सम्मान समारोह के माध्यम से मेधावी विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं प्रेरणा प्रदान की जाती है।
राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य मेधावी छात्रों को सम्मानित करने के साथ उन्हें प्रेरित करना एवं करियर मार्गदर्शन देना है। प्रेस वार्ता में महानगर मीडिया संयोजक यश पांडेय, अंकुर सिंह, उत्कर्ष पांडेय, राहुल ठाकुर, अंकित भारतीय, आदित्य सिंह, अजय तिवारी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।