अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र में रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास देर रात गश्त के दौरान पुलिस की कार हादसे का शिकार हो गई। कार गिट्टी लदे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में कार सवार उपनिरीक्षक आकाश यादव (28) की मौत हो गई, जबकि कांस्टेबल प्रदीप कुमार (27) गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी रात में ड्यूटी के दौरान गश्त पर निकले थे। नऊवा कुआं के पास पुलिस की कार अनियंत्रित होकर गिट्टी लदे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उपनिरीक्षक आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया।



