◆ एसपी कार्यालय पहुंचीं महिला विंग जिलाध्यक्ष सरोज यादव, कहा– माफी नहीं तो कानूनी कार्रवाई तय
अयोध्या। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव पर मौलाना साजिद रशीदी द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस विवाद ने राजनीतिक गर्मी और सामाजिक असंतोष दोनों को हवा दे दी है।
इसी क्रम में समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिला अध्यक्ष सरोज यादव अपनी टीम के साथ पुलिस लाइन स्थित एसपी कार्यालय पहुंचीं और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर को शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने मौलाना रशीदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
सरोज यादव ने कहा कि, मौलाना साजिद रशीदी ने हमारी सांसद डिंपल यादव के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है, जिसे पार्टी और समाज किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं करेगा। हमने लिखित शिकायत दी है और स्पष्ट कहा है कि यदि माफी नहीं मांगी गई, तो कानूनी कार्रवाई तय है।
उन्होंने यह भी बताया कि समाजवादी पार्टी ने रशीदी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का अवसर दिया था, लेकिन जब उन्होंने ऐसा नहीं किया तो अब पार्टी ने कानूनी रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है।
बता दें कि यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब मौलाना साजिद रशीदी ने दिल्ली की एक मस्जिद में सांसद डिंपल यादव के पहनावे को लेकर इस्लाम–विरोधी और अनुचित करार देते हुए अत्यंत आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद समाजवादी पार्टी के साथ-साथ कई अन्य राजनीतिक दलों ने भी कड़ी निंदा की और मौलाना से माफी मांगने की मांग की।
फिलहाल इस प्रकरण ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि राजनीति में महिलाओं के प्रति बयानबाज़ी की सीमाएं क्या होनी चाहिए, और क्या धर्म के नाम पर सार्वजनिक मर्यादा से खिलवाड़ स्वीकार किया जा सकता है।