अयोध्या। मूर्तिकार उत्तम पाल के गायब होने के बाद मूर्ति निर्माण को लेकर बनी असमंजस की स्थिति अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। केंद्रीय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल के प्रयास से बस्ती से मूर्तिकार संदीप प्रजापति अपने साथियों के साथ अयोध्या पहुंचे हैं और उन्होंने मूर्ति निर्माण का काम शुरू कर दिया है।
सोमवार को केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों ने नगर के विभिन्न मूर्ति निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, सभी स्थानों पर मूर्ति निर्माण का काम सुचारू रूप से चल रहा है।
इस दौरान मूर्तिकार पीके दास के स्वास्थ्य को लेकर भी स्थिति स्पष्ट हुई। उनके अस्वस्थ होने और लखनऊ रेफर किए जाने की सूचना के बाद समिति के पदाधिकारियों ने निर्माण स्थल का जायजा लिया। बताया गया कि पीके दास अपने साथियों के साथ मूर्ति निर्माण में लगे हुए हैं।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय समिति के संयोजक गगन जायसवाल, जेएन चतुर्वेदी, अतुल सिंह, राजेश श्रीवास्तव, सार्थक जायसवाल, दीपक रमानी और सुनील जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।