◆ केन्द्रीय मंत्री अश्वनी चौबे ने किया अयोध्या महोत्सव का उद्घाटन
अयोध्या। रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हो। यह संकल्प लेकर अयोध्या महोत्सव का आयोजन पिछले 15 वर्षो से हो रहा था। वह संकल्प भगवान ने पूरा किया। देश में अयोध्या महोत्सव एक सुखद संदेश के रुप में जाने के साथ जनजन तक छा जाएगा। उक्त बातें केन्द्रीय मंत्री अश्वनी चौबे ने कही। वह लखनऊ अयोध्या बाईपास मार्ग पर सहादतगंज के पास स्थित फारएवर लान में अयोध्या महोत्सव का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों को सम्बोधित कर रहे थे। महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। प्रख्यात गायिका स्वाती मिश्रा के भजनों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शास्त्रीय संध्या में मुख्य कलाकार पंडित अनुज मिश्रा व सत्य प्रकाश मिश्रा, अनूप मिश्रा ने भावविभोर करने की वाली प्रस्तुति की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मणिरामदास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयनदास जी महाराज ने किया।
