राम मंदिर चढ़ावा गबन प्रकरण की जांच में गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) दूसरे दिन शुक्रवार को भी सक्रिय रही। टीम ने मंदिर परिसर पहुंचकर मामले की जांच आगे बढ़ाई। सूत्रों के अनुसार, एसआईटी ने इस दौरान गोपाल राव से पूछताछ की और मामले से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटाई।
उधर, शुक्रवार सुबह पुलिस अयोध्या जिला जेल पहुंची और न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को कस्टडी में लेकर पुलिस लाइन लाई। यहां उसका मेडिकल परीक्षण कराने के बाद करीब दो घंटे तक गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पुलिस उसे लेकर प्रतापगढ़ के लिए रवाना हो गई।
पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि अविनाश शुक्ला ने चढ़ावे में प्राप्त सोने-चांदी के आभूषण और नकदी अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाए हैं। इसी कड़ी में पुलिस टीम उसे अयोध्या के कौशलपुरी स्थित उसके योगा सेंटर भी लेकर पहुंची, जहां पूछताछ के साथ मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों का सत्यापन किया गया। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में योगा सेंटर का निरीक्षण किया गया और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।




