जलालपुर अंबेडकर नगर। नगर के छाछू मोहल्ला निवासी व पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न लाल सोनी को राज्य पिछड़ा आयोग के उपाध्यक्ष सोहनलाल श्रीमाली ने प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। शत्रुघ्न लाल सोनी वर्तमान समय में स्वर्णकार समाज के प्रदेश महामंत्री के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और आपदा राहत के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में उपाध्यक्ष श्रीमाली ने कहा कि शत्रुघ्न लाल सोनी के निस्वार्थ प्रयास समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने समाज में भाईचारा और सद्भाव बढ़ाने के साथ ही नारी सशक्तिकरण और जनहित के कार्यों को सदैव प्राथमिकता दी है। प्रशस्तिपत्र मिलने पर स्वर्णकार समाज के जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी, व्यापार मंडल अध्यक्ष आनंद जायसवाल, राजकुमार सोनी, आदित्य सोनी, अखिल सेठ, दिलीप सोनी और रोशन जायसवाल सहित अन्य लोगों ने उन्हें बधाई दी।