◆ दो माह बाद फिर अवशेष मिलने से ग्रामीणों में चर्चा, पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा
जलालपुर, अंबेडकरनगर। बसखारी और जलालपुर की सीमा पर स्थित टोंस नदी के किनारे शुक्रवार सुबह कथित गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बड़ी मात्रा में अवशेष पड़े होने की जानकारी पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर बसखारी और जलालपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों ने अवशेषों को गोवंश का बताते हुए मामले की जांच कराने और इसकी वास्तविकता स्पष्ट करने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से खुदाई कराकर अवशेषों को दफन कराया गया। मौके पर कुछ पुलिसकर्मियों के सादे कपड़ों में पहुंचने की बात भी ग्रामीणों ने कही।
घटना के बाद ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर चर्चा रही कि अवशेष किस पशु के हैं और वे नदी किनारे कैसे पहुंचे। ग्रामीणों ने मामले की विधिवत जांच कर आवश्यक साक्ष्य सुरक्षित किए जाने तथा घटना की वास्तविकता सामने लाने की मांग की है। हालांकि, अवशेषों के गोवंश के होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसकी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
दो माह पहले भी मिले थे अवशेष
बताया जा रहा है कि करीब दो माह पूर्व अकबरपुर रोड के पास भी पशु अवशेष मिलने की घटना सामने आई थी। अब टोन नदी किनारे दोबारा कथित गोवंश के अवशेष मिलने से ग्रामीणों में गोवंश संरक्षण और निगरानी व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। ग्रामीणों ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी की मांग की है।
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई
जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि टोंस नदी किनारे अवशेष मिलने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।