अयोध्या। ड्योडी बाजार सोहावल निवासी किसान आशीष मिश्रा की 12 वर्षीय पुत्री जानवी मिश्रा को दुर्लभ ए निगेटिव ब्लड की आवश्यकता पड़ने पर संकल्प संस्थान ने मदद कर मानवता की मिसाल पेश की। तेज बुखार के चलते जानवी के शरीर में रक्त की भारी कमी हो गई थी और उसका हीमोग्लोबिन घटकर चार प्रतिशत तक पहुंच गया था।
परिजनों ने दर्शननगर मेडिकल कॉलेज में संपर्क किया, लेकिन वहां ए निगेटिव ब्लड उपलब्ध नहीं था। परेशान परिजनों ने संकल्प संस्थान के अध्यक्ष डॉ. आशीष पाण्डेय दीपू से संपर्क किया। जानकारी मिलते ही डॉ. आशीष पाण्डेय अपनी टीम के साथ जिला अस्पताल ब्लड बैंक पहुंचे, जहां ए निगेटिव रक्त की एक यूनिट उपलब्ध मिली। उन्होंने तत्काल अपनी पत्नी शालिनी पाण्डेय का डोनर कार्ड परिजनों को उपलब्ध कराकर रक्त की व्यवस्था कराई।
चिकित्सक डॉ. प्रियंका खरे ने बच्ची को कम से कम दो यूनिट ए निगेटिव रक्त की आवश्यकता बताई थी। इसके बाद डॉ. आशीष पाण्डेय ने गोसाईगंज निवासी सत्यम पाण्डेय से संपर्क कर जरूरत पड़ने पर रक्तदान का आश्वासन भी दिलाया।
डॉ. आशीष पाण्डेय ने कहा कि ब्लड बैंकों में रक्त की कमी गंभीर समस्या बनती जा रही है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से ब्लॉक स्तर पर रक्तदान जागरूकता अभियान चलाने की मांग की। इस दौरान गुणाकेश तिवारी, ध्रुव पाण्डेय एडवोकेट, तनुज मल्होत्रा और बृजेश चौहान मौजूद रहे।