अयोध्या। जिला अस्पताल में तैनात सफाईकर्मियों ने रविवार सुबह साथी कर्मचारी से मारपीट के विरोध में कार्य बहिष्कार कर इमरजेंसी के सामने प्रदर्शन किया। सफाईकर्मियों का आरोप है कि शनिवार देर रात ड्यूटी के दौरान एक वार्ड ब्वॉय ने दो सफाईकर्मियों के साथ मारपीट की और बीच-बचाव करने पहुंचे सुरक्षाकर्मियों से भी अभद्रता की। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर कर्मचारी काम पर लौट गए।
सफाईकर्मी रामपलट और गोविंद यादव के अनुसार, शनिवार रात वे इमरजेंसी वार्ड के ड्यूटी रूम में सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वार्ड ब्वॉय सत्यम सिंह वहां पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे तीन सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार करने और मारपीट की कोशिश का आरोप लगाया गया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी वार्ड ब्वॉय और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति को कोतवाली ले गई। सफाईकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों ने मामले में पुलिस को लिखित शिकायत भी सौंपी।
कार्रवाईकीमांगपरकियाप्रदर्शन
घटना की जानकारी रविवार सुबह अन्य सफाईकर्मियों को मिलने पर उन्होंने काम बंद कर इमरजेंसी के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बाद में अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों ने कर्मचारियों से वार्ता कर निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
शांतिभंगमेंहुआचालान
जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अजय चौधरी ने बताया कि अस्पताल प्रशासन को अभी तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं चौकी प्रभारी चन्द्रमोहन शुक्ला ने बताया कि आरोपी वार्ड ब्वॉय और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ शांति भंग की आशंका में कार्रवाई करते हुए चालान किया गया है।