अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, डोर-टू-डोर कूड़ा उठान एवं निराश्रित गोवंशों से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्वच्छता सर्वेक्षण में जनपद की रैंकिंग सुधारने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा आमजन की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में वेस्ट मैनेजमेंट एवं एफआरएफ सेंटरों की स्थिति की समीक्षा करते हुए सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए संकरी गलियों के लिए छोटे वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निराश्रित गोवंशों के संरक्षण एवं प्रबंधन की भी समीक्षा की तथा नगर निकायों को तालाबों की नीलामी एवं दुकानों की अद्यतन रेट लिस्ट बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।