◆ कोई भी पात्र मतदाता सूची से न छूटे, बूथ स्तर तक बढ़े सक्रियता : वेद प्रकाश गुप्ता
अयोध्या। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता व भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने करियप्पा व देवकाली मंडल के प्रमुख महानगर पदाधिकारियों एवं शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ अंगूरीबाग स्थित एक गेस्ट हाउस में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में पहले चरण में किए गए कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए दूसरे चरण की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने निर्देश दिया कि दूसरे चरण में बूथ स्तर तक सक्रियता और बढ़ाई जाए तथा पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने, त्रुटियों के सुधार और मृतक मतदाताओं के नाम हटाने का कार्य पूरी गंभीरता से किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए, इसके लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क कर जागरूकता फैलानी होगी।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि संगठनात्मक समन्वय के साथ कार्य करते हुए दूसरे चरण को लक्ष्य आधारित बनाया जाए। शक्ति केंद्र संयोजकों की भूमिका को अहम बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक शक्ति केंद्र पर कार्ययोजना बनाकर जिम्मेदारियां तय की जाएं। उन्होंने तकनीकी संसाधनों के सही उपयोग, ऑनलाइन आवेदन की जानकारी और समयबद्ध फॉलोअप पर विशेष जोर दिया।
बैठक में पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराया। अंत में निर्णय लिया गया कि दूसरे चरण के दौरान नियमित समीक्षा बैठकें कर प्रगति का आंकलन किया जाएगा। मौके पर तिलकराम मौर्या, रवि सोनकर, दिव्य प्रकाश तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।