Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या दिनदहाड़े नाबालिग की हत्या, रेलवे लाइन किनारे मिला शव

दिनदहाड़े नाबालिग की हत्या, रेलवे लाइन किनारे मिला शव

0

अयोध्या। शनिवार को अयोध्या में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। किशोरी का शव पोस्टमॉर्टम हाउस के सामने रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों के बीच नाले में पड़ा मिला। राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार किशोरी का शव संदिग्ध और आपत्तिजनक अवस्था में मिला है। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त व फटे हुए थे, जबकि दुपट्टा शव से कुछ दूरी पर पड़ा पाया गया। गले पर भी निशान मिलने से प्रथम दृष्टया दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर लगभग तीन बजे किशोरी घर से लकड़ी लेने निकली थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजन उसकी तलाश करने लगे। इसी बीच हत्या की सूचना मिली। किशोरी के पिता कचहरी में मुंशी का कार्य करते हैं और अतिरिक्त आय के लिए सुबह-शाम होटल में खाना बनाने का काम भी करते हैं। उन्होंने बताया कि कचहरी में ही उन्हें बेटी की हत्या की जानकारी मिली, जिसके बाद वे भागते हुए घटनास्थल पहुंचे, जहां बेटी का शव आपत्तिजनक हालत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और परिजनों से पूछताछ की।

एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version