Ayodhya/Ambedkar Nagarअयोध्या रामराज्य फाउंडेशन का वृक्षारोपण अभियान शुरू, बढ़ती गर्मी के बीच जनभागीदारी पर जोर By amit_ayodhyasamachar - April 25, 2026 0 FacebookTwitterWhatsApp अयोध्या। लगातार बढ़ती गर्मी और जलवायु परिवर्तन को लेकर चिंताजनक तस्वीर सामने आ रही है। आंकड़ों के अनुसार दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में से लगभग 90–95 शहर भारत के हैं, जो पर्यावरणीय असंतुलन और बढ़ते प्रदूषण की गंभीरता को दर्शाता है। प्रदेश महामंत्री भारतीय जनता युवा मोर्चा एवं संस्थापक रामराज्य अयोध्या फाउंडेशन के हर्षवर्धन सिंह ने अपनी टीम के साथ व्यापक पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन द्वारा पौधे का वितरण कार्यक्रम भंडारे के स्वरूप में भी आयोजित किए जाएंगे। राहगीरों को प्रकृति के संतुलन के लिए पौधे दिए जाएंगे तथा उन्हें रोपित व संरक्षित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ता तापमान इस बात का संकेत है कि अब ठोस कदम उठाने का समय आ गया है। अभियान के तहत उन्होंने आम नागरिकों से सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से पौधरोपण को बढ़ावा देने और जल संरक्षण के प्रभावी उपाय अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि समाज का हर वर्ग इस दिशा में छोटे–छोटे प्रयास भी करे, तो इसका बड़ा सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना ही नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से इसे एक जनआंदोलन का रूप देना है। उन्होंने बताया कि रामराज्य अयोध्या फाउंडेशन की टीम आने वाले समय में विभिन्न कार्यक्रमों, वृक्षारोपण अभियानों और जागरूकता गतिविधियों के जरिए इस अभियान को व्यापक स्तर पर ले जाने की योजना बना रही है।