अंबेडकर नगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बरियावन बाजार में रविवार की देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन बुलडोजर लेकर पहुंचे नकाबपोश लोगों ने आधा दर्जन से अधिक दुकानों और मकानों को कथित तौर पर ध्वस्त कर दिया। अचानक हुई कार्रवाई से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ितों ने विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर पुलिस और राजस्व टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पीड़ितों के मुताबिक, रविवार देर रात करीब 50 से 60 नकाबपोश लोग तीन बुलडोजर लेकर बरियावन बाजार पहुंचे। इसके बाद उन्होंने दुकानों और मकानों पर बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते कई दुकानें और निर्माण मलबे में तब्दील हो गए। दुकानों में रखा सामान भी मलबे में दबकर नष्ट होने की बात कही जा रही है। पीड़ितों का दावा है कि उन्होंने करीब 10 से 15 वर्ष पूर्व जमीन खरीदकर यहां मकान और दुकानें बनाईं और तभी से निवास व कारोबार कर रहे हैं।
विरोध करने पर धमकी का आरोप
पीड़ितों का आरोप है कि जब उन्होंने तोड़फोड़ का विरोध किया तो नकाबपोश लोगों ने उन्हें धमकाया। अचानक हुई कार्रवाई और धमकी के चलते लोग सहम गए। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही एसडीएम प्रतीक्षा सिंह पुलिस और राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से जानकारी ली तथा क्षति का जायजा लिया।
रास्ते को लेकर विवाद की बात सामने आई
सीओ के अनुसार, 21 सितंबर को बरियावन बाजार में रात के समय अज्ञात लोगों द्वारा दुकानों को बुलडोजर से गिराए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस और राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्राथमिक जांच में सामने आया कि कुछ दुकानें सार्वजनिक रास्ते की जमीन पर बनी होने तथा पीछे स्थित खतौनी की जमीन तक पहुंचने के लिए रास्ता निकालने को लेकर विवाद की स्थिति थी। घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़ितों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।