जैतपुर, अंबेडकरनगर। बिजली चोरी पर लगाम लगाने के लिए विद्युत विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र नेवादा के अंतर्गत पूरे क्षेत्र में छापेमारी और आकस्मिक चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है।
अवर अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान यदि किसी उपभोक्ता के परिसर में कटिया लगाकर या मीटर बाइपास कर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि बिजली का उपयोग केवल वैध कनेक्शन के माध्यम से ही करें। साथ ही बकाया बिलों का समय से भुगतान करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। विद्युत विभाग के इस अभियान से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और उपभोक्ताओं में जागरूकता के साथ-साथ सतर्कता भी बढ़ी है।